राष्ट्रीय राजमार्ग 75 ई के अनपरा-हाथीनाला खंड पर भारी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था न होने से आए दिन जाम और हादसे की स्थिति बनी रहती है।
कोयला और राख परिवहन में लगे सैकड़ों ट्रक सड़क किनारे खड़े होकर न सिर्फ पटरियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि बिजली के खंभे और हाईवे संकेतक भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
ऊर्जांचल क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से प्रतिदिन करीब पांच हजार से अधिक ट्रक माल लेकर बाहर निकलते हैं। अधिकांश ट्रक लंबी दूरी के होते हैं, जिनके चालक भोजन और विश्राम के लिए रेणुकूट मार्ग पर हाईवे किनारे ही वाहन खड़ा कर लेते हैं।
सड़क किनारे कई ढाबे जरूर हैं, लेकिन किसी के पास पक्की पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में वाहन चालक पटरी पर ही ट्रक खड़ा कर विश्राम करते हैं। रात के समय जब ये वाहन खड़े होते हैं, तो कई बार बिजली के खंभे टकराने से झुक जाते हैं।
कई खंभे इतने झुक चुके हैं कि गिरने की कगार पर हैं। यही हाल हाइवे पर लगाए गए साइनेज बोर्ड और किलोमीटर बताने वाले लोहे के खंभों का है, जो अब लटकने लगे हैं।
करीब आठ माह पहले एनटीपीसी गेस्ट हाउस में हुई बैठक में संबंधित विभाग को सड़कों के किनारे हार्ड शोल्डर और खराब वाहनों के लिए मरम्मत स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक न तो पटरियों की मरम्मत हुई और न ही पार्किंग की कोई स्थायी व्यवस्था बनाई गई।
सिंगरौली बॉर्डर से विंढमगंज तक फोरलेन निर्माण प्रस्तावित है। फोरलेन के साथ पार्किंग व्यवस्था भी बनाई जाएगी, लेकिन फिलहाल इसके लिए कोई प्रस्ताव नहीं है। पटरी मरम्मत के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया गया है।
-डीपी सिंह, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग।