रेणुकूट। नगर में सोमवार की सुबह एक बार फिर जाम लग गया। इससे स्कूली बच्चों, श्रमिकों के साथ नगरवासियों को बहुत परेशानी हुई। जाम का सिलसिला दिनभर चला।
नगर में रविवार की देर रात से ही जाम की स्थिति बनती रही। जगह-जगह खराब हुए वाहनों के कारण जाम में फंसकर वाहन रेंगते रहे। सोमवार की सुबह से ही जाम होने के कारण काम पर जाने वाले श्रमिकों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी हुई। स्कूली बसों के जाम में फंसने के कारण अभिभावकों को बाइक से बच्चों को स्कूल पहुंचाना पड़ा। शनिवार को भी नगर में जाम लगा था और रविवार की रात से ही पिपरी चौराहे से आगे रिहंद पुल तक कई जगह 5-6 ओवरलोड वाहनों के खराब होने से जाम की स्थिति बनने लगी थी। बड़ी संख्या में ओवरलोड वाहनों के संचालन से फिर से जाम शुरू हो गया है। नगरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ओवरलोड गाड़ियों पर लगाम लगा दे तो इस तरह से हजारों लोगों को परेशानी नहीं होगी।