सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रॉकी गांव में बुधवार की रात तीन कमरों का बाहर से दरवाजा बंद कर लाखों रुपये की चोरी का मामला प्रकाश में आया है। सुबह घर वालों की नींद खुली तो बाहर से दरवाजा बंद होने पर चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रॉकी गांव निवासी ब्रह्मदेव शुक्ला के पुत्र सतीश शुक्ला ने बताया कि उनके यहां बुधवार को दोपहर में मंदिर स्थापना का कार्यक्रम हुआ। रात करीब 11 बजे तक भोजन कार्यक्रम चला। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए। रात में किसी समय छत के रास्ते घर में प्रवेश किए चाेरों ने तीन कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। तीनों कमरे में घरवाले सो रहे थे। इसके बाद चोर चौथे कमरे में रखे आलमारी को तोड़कर सामान चुरा ले गए। बताया कि आलमारी में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। इसके अलावा कमरे में रखा तीन बॉक्स और एक सूटकेस भी चोर उठा ले गए। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में एक बाॅक्स टूटा मिला, जबकि दूसरा बॉक्स उससे कुछ दूरी पर पड़ा था। सतीश के मुताबिक तीनों बॉक्स और सूटकेस में कपड़े थे। 12 हजार रुपये नकद रखा हुआ था। बताया कि पांच जुलाई को बहन स्वाति शुक्ला की सगाई की तैयारी चल रही है। घरवालों के मुताबिक कपड़ा, आभूषण और नकदी मिलाकर करीब दो लाख रुपये की चोरी होने का अनुमान लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार की सुबह सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौका मुआयना की। हल्का इंचार्ज ने भी जाकर मौका मुआयना किया। बताया जा रहा है कि पुलिस चोरी के मामले में पांच संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में कार्रवाई चल रही है।