आसनडीह। बभनी थाना क्षेत्र के बैना चौराहे पर स्थित एक मोबाइल की दुकान में शुक्रवार की रात चोर सेंधमारी कर नगदी समेत हजारों रुपये मूल्य के सामान उठा ले गए। चोरी की जानकारी शनिवार की सुबह दुकानदार को हुई। दुकानदार की सूचना पर पुलिस मौका मुआयना कर जांच में जुट गई है।
ग्राम पंचायत बैना निवासी विवेकानंद ने घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बैना चौराहे पर मोबाइल की दुकान खोले हैं। प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की रात आठ बजे दुकान बंद कर वह अपने घर चले आए।
शनिवार की सुबह सात बजे जब दुकान खोले तो अंदर देखकर अवाक रह गए। दुकान के पीछे की दीवार टूटी थी और दुकान में रखे नकदी व कीमती सामान गायब थे। दुकानदार विवेकानंद के मुताबिक दुकान से आठ मोबाइल, होम थिएटर, मेमोरी कार्ड, इयरफोन और 40 हजार रुपये नकदी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की चोरी हुई है। चोरी की घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है। दुकानदार का कहना है कि घटना की सूचना यूपी-112 को दी है। तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में बभनी इंस्पेक्टर अविनाश चंद्र सिन्हा का कहना है कि तहरीर मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।