सोनभद्र जिले में मां शारदा मंदिर में चोरी की घटना हुई। चोर तीन ताले तोड़कर गर्भगृह में घुसे। चोरों ने लड्डू गोपाल की मूर्ति और चांदी की बांसुरी गायब कर दिया। उधर, सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध लोगों के दिखने की बात सामने आ रही है।
सोनभद्र जिले में मां शारदा शक्ति मंदिर में शुक्रवार रात चोरी से खलबली मच गई। चोर मुख्य गेट और गर्भगृह समेत तीन ताले तोड़कर अंदर घुसे और गोविंद भगवान के गर्भगृह से करीब 35 से 40 वर्ष पुरानी पीतल की लड्डू गोपाल की मूर्ति और चांदी की बांसुरी ले गए। माता रानी के गर्भगृह का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।
विज्ञापन
मंदिर समिति के सदस्य उमाशंकर अग्रहरि के अनुसार सुबह करीब पौने पांच बजे चोरी की जानकारी हुई। मंदिर के अंदर सामान बिखरा मिला और छत की ओर खुलने वाला दरवाजा भी टूटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण कर जांच शुरू की।
समिति के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 12:42 बजे दो संदिग्ध गर्भगृह का ताला तोड़ते दिखे हैं। समिति ने उनकी पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
विज्ञापन
मुख्य चौराहे और पुलिस बूथ के पास हुई वारदात से रात्रि गश्त पर सवाल उठे हैं। ओबरा एसओ प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है।