पानी की टंकी पर चढ़कर वीडियो बना रहे युवक पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। खुद को बचाने के लिए पानी में कूद गया। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने जान बचाई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पानी की टंकी पर चढ़कर वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले से युवक पानी की टंकी में कूद गया। पीआरवी की सक्रियता से काफी मशक्कत के बाद युवक को बचाया गया।
विज्ञापन
हर घर नल योजना के तहत मोहिउद्दीनपुर में करीब चालीस फीट ऊंची पानी की टंकी का निर्माण हुआ है।
सोमवार को एक युवक टंकी पर चढ़कर मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसी दौरान टंकी में मौजूद मधुमक्खियों ने घेर लिया। उनसे बचने के लिए युवक टंकी में भरे पानी में कूद गया। आसपास के लोगों ने देखकर तत्काल 112 पीआरवी को सूचना दी। पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और निकालने का प्रयास किया, लेकिन मधुमक्खियों के बड़ी संख्या में मौजूद हाेने के कारण दिक्कत आने लगी।
बाद में ग्रामीणों के सहयोग से टंकी के नीचे धुआं कर मधुमक्खियों को भगाया गया, तब युवक को टंकी से बाहर निकाला जा सका। उसे कोन सीएचसी में भर्ती कराया गया है। युवक की पहचान खेतकटवा निवासी कौशल (18) के रूप में हुई। उसकी हालत ख़तरे से बाहर है। प्रभारी निरीक्षक संजीव सिंह ने बताया कि कौशल का इलाज चल रहा है। परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया है।