चोपन। थाना क्षेत्र के कुरुहुल गांव के पास रविवार की रात ट्रैक्टर ट्राली से गिरकर युवक की मौत हो गई। वह बरात में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में ट्राली से गिरकर उसके पहिए के नीचे आ गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम मारकुंडी टोला चकरिया निवासी रमाकांत (27) पुत्र रामबरस अपने गांव की एक बरात में शामिल होने जुगैल थाना क्षेत्र के गायघाट गांव जा रहा था। वह ट्रैक्टर ट्राली पर सवार था। रास्ते में कुरुहुल गांव के पास उबड़-खाबड़ रास्ते पर ट्रैक्टर के उछलने से रमाकांत ट्राली से गिर कर उसके पहिए के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चोपन थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।