रिहंद जलाशय के स्रोत क्षेत्र में झमाझम बारिश होने के कारण पिछले सप्ताह से जलस्तर में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। बीते दस दिन में रिहंद का जलस्तर 3.8 फीट बढ़कर 847.6 फीट पर आ गया है।
इस बीच सभी इकाइयों से प्रतिदिन 30 लाख यूनिट का उत्पादन कराया जा रहा है। बीते 25 जून को रिहंद का जलस्तर 843.8 फीट पर था। रिहंद का जलस्रोत मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य है। दोनों ही प्रदेशों में कई दिनों झमाझम बारिश हो रही है।
इस कारण रिहंद का जलस्तर भी प्रतिदिन तीन से चार इंच बढ़ रहा है। इस बीच रिहंद की जलविद्युत इकाइयों से प्रतिदिन 30 लाख यूनिट लगातार उत्पादन कराया जा रहा है। साथ ही तापीय और पेयजल परियोजनाएं भी रिहंद से पानी ले रहीं है।
इसके बावजूद रिहंद के जलस्तर में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार की देर रात यह 847.6 फीट पर पहुंच गया। पिछले साल आज ही के दिन रिहंद का जलस्तर 837.3 फीट पर था, जिसके कारण इकाइयों से उत्पादन नहीं कराया जा रहा था।
गत वर्ष मानसून में अच्छी बारिश होने के कारण रिहंद के सभी फाटक खोलने पड़े थे। अधिकारियों की मानें तो इस बार रिहंद की सभी इकाइयों से लगातार उत्पादन हो सकता है। फाटक भी खुलने के आसार है।