जिला प्रशासन और अमर उजाला की ओर से कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ एंड पैरामेडिकल कालेज में गुरुवार को आइए वोटर बने कैंप लगाया गया। अभियान के प्रति छात्र छात्राओं को खास उत्साह देखा गया। युवाओं ने प्रयास को सराहते हुए विधानसभा चुनाव में विकास कराने वाले को ही मतदान करने की बात कही। साथ ही छात्र-छात्राओं ने भी लोगों को वोट के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया।
गोष्ठी में तहसीलदार ने कहा कि एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राएं फार्म छह भर कर वोटरलिस्ट में नाम शामिल कराएं। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। ताकि आने वाले विधान सभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता मतदान कर सकें। सभी शहर और गांवों में बीएलओ के माध्यम से पात्र लोगों का नाम बढ़ाने, अपात्रों का काटने और संशोधित करने के लिए फार्म भरने का कार्य किया जा रहा हैै।
प्रिंसिपल जिंस मैथ्यू ने कहा कि सभी छात्राएं अपने घर के सदस्यों और आसपास के लोगों को वोट के महत्व के बारे में जानकारी दें। इस मौके पर शिक्षिका शालिनी, जीपी सिंह, चंद्र प्रभा तिवारी, संजू, काजल, प्रियंका, आशा, ममता, अंकित, शिवम, कीर्ति, सोनमती, सरस्वती आदि मौजूद रहीं।