सोनभद्र। पेयजल परियोजना के शिलान्यास स्थल करमांव के धंधरौल बांध के पास तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। तैयार हो चुके मंच की सुरक्षा की जिम्मेदारी शनिवार को एनएसजी कमांडो को दी गई। एनएसजी ने मंच और आसपास के इलाकों में आम लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी है। उधर, नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में पीएसी और पुलिस ने कांबिंग तेज कर दी है।
जिलाधिकारी एस राजलिंगम और पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने शनिवार की सुबह धंधरौल बांध के पास कार्यक्रम स्थल पर की गई तैयारियों को देखा। अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की तैनात समेत पूरी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान एसपी को एएसपी ओपी सिंह और राजीव सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल को तीन जोनों में बांटा गया है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी जोनवार लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। एसपी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर चार अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी, महिला थाना प्रभारी को मिलाकर 22 थानाध्यक्ष, 140 इंस्पेटर और सब इंस्पेक्टर, 550 हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, छह कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर दो फ्लीट रहेगी। इसके लिए सीओ को इंचार्ज बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल के आसपास सादे पोशाक में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।
-
डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले लोगों को सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराना जरूरी है। डीएम को एडीएम योगेेंद्र बहादुर सिंह ने मौके पर की जा रही तैयारी के बारे में जानकारी दी। डीएम ने कार्यक्रम को सफल बनाने मेें लगे अधिकारियों और कर्मियों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाए, इसके लिए निर्देशित किया।
-
नाव पर भी पीएसी रहेगी तैनात
सोनभद्र। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन चौकन्ना है। सीएम के आगमन के पूर्व धंधरौल बांध के पानी में नाव पर एक प्लाटून पीएसी तैनात रहेगी। जवान स्टीमर से भ्रमण कर संदिग्ध लोगों पर नजर रखेंगे। इसके लिए एसपी ने एएसपी नक्सल को निर्देशित कर दिया है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए तीन प्रवेश द्वार बनाये गए हैं। कार्यक्रम स्थल जाने वालों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था से गुजरना होगा। प्रमुख प्रवेश द्वार से कार्यक्रम स्थल तक जाने के लिए दो रास्ते बनाये गये हैं। एक रास्ते से जनता और दूसरे रास्ते से वीआईपी लोगों का आना-जाना रहेगा। वीआईपी रास्ते पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई है।
-
मंत्रियों और नेताओं का लगा जमघट
सोनभद्र। कार्यक्रम स्थल पर शनिवार की देर शाम तक मंत्रियों और नेताओं के आने जाने का सिलसिला जारी रहा। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह और जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी ने भी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे भी व्यवस्था में लगे रहे। पूर्व एमएलसी जय प्रकाश चतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा व धर्मवीर तिवारी, जिला पंचायत सदस्य मनोज सोनकर, रमेश सिंह पटेल, श्रवण पासवान, संतोष शुक्ला, अभिषेक सिंह चंदेल, अजीत रावत, सुनील सिंह समेत अन्य नेता भी डटे रहे।