थाना क्षेत्र के काशी मोड़ पर बुधवार की रात चोरों ने तीन दूकानों की सीट तोड़कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। यहां लगातार चोरियों से नाराज व्यापारियों ने थाने पहुंचकर नाराजगी जताई। एसपी को भी पत्र भेजकर प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की।
प्रदीप अग्रवाल, सुरेश गुप्ता और दिनेश गुप्ता की काशी मोड़ पर परचून (किराना) की दूकान है। बुधवार की रात आठ बजे तीनों दूकान बंद कर अपने घर चले गए। सुबह आठ बजे दूकान खोलकर अंदर पहुंचे तो देखा कि दूकान का शीटा (छाजन) टूटा हुआ था, अंदर जाकर देखा तो नकदी एवं अन्य सामान गायब था।
इससे पहले काशी मोड़ पर दूकानदार तौफीक खान, नंदी जैन, रामप्रवेश विश्वकर्मा, नरेश जैन, अशोक जैन, उमा गुप्ता, रवींद्र शर्मा, मिथिलेश राय, काशी मोड़ से सटे बजरंगनगर निवासी विशेश्वर राम, शैलेष पांडेय, अक्षय गुप्ता के यहां से लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है।
पीड़ितों का कहना है कि एक भी मामले में पुलिस अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किया है। बुधवार को नंदी जैन, रवींद्र, थर्मल कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश राय आदि की अगुवाई में थाने पहुंचे दूकानदारों ने दारोगा डीपी सिंह से मुलाकात की और तहरीर दी,
बताया कि हजारों के सामान और नगदी चेरी की गई है। एसओ शोभनाथ यादव का कहना है कि चोरों की तलाश जारी है। इसके तार नशाखोरों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। जल्द ही प्रकरण का वर्कआउट कर लिया जाएगा।