जिले के न्यूनतम तापमान में एक बार फिर से गिरावट दर्ज हुई है। शनिवार को न्यूनतम पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। जबकि अधिकतम पारा में बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। शनिवार को पूरे दिन चले सर्द हवा की वजह से बंद कमरे में भी लोग ठिठुरती हालत में देखे गए। सर्द हवा चलने से धूप बेअसर साबित हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को न्यूनतम पारा में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। शुक्रवार को न्यूनतम पारा 7 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि शनिवार को 5.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम पारा में बीते तीन दिन में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। शनिवार को अधिकतम पारा 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले शुक्रवार को 20.4 और बृहस्पतिवार को 19.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा था। इस दिन न्यूनतम पारा सीजन का सबसे कम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। शनिवार की सुबह से ही सर्द हवाएं चलती रहीं। इससे लोग ठिठुरती हालत में देखे गए।