भेलाही बंधी में पानी की कमी ने नगर पालिका सहित जिम्मेदारों की नींद उड़ा दी है। आगामी दिनों में राबर्ट्सगंज नगरवासियों को पेयजल की समस्या उत्पन्न न होने पाए इसके लिए मंथन शुरू हो गया है।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में नपा के प्रभारी ईओ राजेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग और जल निगम के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें धंधरौल बांध से भेलाही बंधी में पानी आपूर्ति करने के लिए रणनीति बनी।
जल निगम के एई ने कहा कि 24 घंटे बिजली मिलने पर भेलाही बंधी में पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।
नपा के अधिशासी अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि इस वर्ष बारिश कम होने के कारण भेलाही बंधी में पानी कम है।
ऐसे में गर्मी के दिनों में कलेक्ट्रेट और राबर्ट्सगंज नगर में पेयजलापूर्ति करने में व्यवधान उत्पन्न होगा। नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए धंधरौल बांध से भेलाही बंधी मेें पानी की आपूर्ति करने की व्यवस्था कराने का प्रयास हो रहा है।
जल निगम के सहायक अभियंता बीपी स्वर्णकार ने कहा कि माह फरवरी से बरसात होेने तक राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद को बढ़ौली कुसाही योजना से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
लेकिन यह संभव तब होगा जब 24 घंटे बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में भिलाही बंधी को सोन लिफ्ट परियोजना से जोड़ने के लिए एक परियोजना बनाई गई थी।
लेकिन अभी तक परियोजना को अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। बैठक मेें एमसीडी के सहायक अभियंता बीके मिश्रा, केबी सिंह मौजूद रहे।