सोनभद्र। जिला पंचायत के अधीन दुकान मालिकों की बैठक रविवार को राबर्ट्सगंज रामलीला मैदान स्थित बांके बिहारी मंदिर परिसर में हुई। बैठक में जिला पंचायत की तरफ से जारी किए गये नोटिस का दुकान मालिकों ने विरोध किया। दुकान मालिकों ने पांच लोगों की टीम गठित करने का निर्णय लिया। टीम अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से मिलकर अपना पक्ष रखेगी। सभी दुकान मालिकों ने अपने सात सूत्री मांगों पर चर्चा की और मांग की कि यदि किसी दुकानदार की मृत्यु हो जाती है तो उसके उत्तराधिकारी को दुकान स्वत: आवंटित कर दी जाए। सभी ने किरायेदारी का अनुबंध पत्र दोबारा तैयार कराने और हर तीसरे वर्ष पचीस प्रतिशत किराया बढ़ाने का विरोध किया। बैठक में संगम लाल गुप्ता, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, श्याम बिहारी यादव, अशोक, राकेश केशरी, कीर्तन सिंह, झुनझुन शर्मा, बालकृष्ण गोयल, हरिश्चंद्र, संजीव शंकर पांडेय, बृजेश सिंघानिया आदि उपस्थित रहे।