ओबरा (सोनभद्र)। ओबरा-सी तापीय परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई रविवार को दोपहर में तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। बंद होते समय इकाई से 600 मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन हो रहा था। परियोजना की पहली इकाई गत 9 जुलाई से डिस्टि्रब्यूटेड कंट्रोल सिस्टम फेल होने के कारण बंद चल रही है। दोनों इकाइयों के बंद होने से 1320 मेगावाट क्षमता वाली ओबरा सी परियोजना से बिजली उत्पादन शून्य हो गया। इससे प्रदेश की बिजली आपूर्ति को जबरदस्त झटका लगा है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों को आपात बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। वहीं उच्च बिजली प्रबंधन ने अन्य स्रोतों से बिजली उपलब्ध कराकर आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास किए। ओबरा सी परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई में आई तकनीकी खराबी के कारण इकाई को रविवार की दोपहर 2 बजकर 28 मिनट पर बंद करना पड़ा। उधर अभियंताओं ने इकाई में आई तकनीकी खराबी को दूर कर पुनः इकाई को बिजली उत्पादन पर लाने के प्रयास युद्ध स्तर पर शुरू कर दिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि उक्त इकाई को 21 जुलाई मंगलवार की शाम तक लाइटअप कर लिया जाएगा।