सोनभद्र। केंद्र सरकार की विकसित भारत-जीरामजी योजना लागू होने के महज 20 दिनों में रॉबर्ट्सगंज विकास खंड ने मिर्जापुर मंडल में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर अव्वल स्थान पाया है। योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराने और सर्वाधिक मानव-दिवस (मैन-डेज) सृजित करने के मामले में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक सबसे आगे है। एक जुलाई से शुरू हुई इस योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों का अकुशल रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। साथ या है। साथ ही दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये किए जाने से ग्रामीणों, खासकर महिलाओं में योजना को लेकर उत्साह बढ़ा है। ग्राम पंचायत स्तर पर ही रोजगार मिलने से महिलाओं को घरेलू जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त आय का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके आर्थिक सशक्तीकरण को भी बल मिल रहा है। अधिकारियों के अनुसार योजना शुरू होने के बाद अब तक रॉबर्ट्सगंज विकास खंड में लगभग एक हजार परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। वहीं 15 दिव्यांगजनों को भी योजना से जोड़कर रोजगार दिया गया है। रोजगार सृजन के साथ सर्वाधिक मानव-दिवस तैयार करने के कारण विकास खंड ने जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे मिर्जापुर मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया है। विकास खंड रॉबर्ट्सगंज में तैनात अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी विनय मिश्र ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। पात्र परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ अधिक से अधिक मानव-दिवस सृजित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में और अधिक ग्रामीण परिवारों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।