राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी के पास राजमार्ग पर खान विभाग की टीम ने ओवरलोड गिट्टी लदे तीन ट्रकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। चालकों की निशानदेही पर ओवरलोड गिट्टी देने वाले मेसर्स राज लक्ष्मी स्टोन को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्रशर संचालकों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार रात करीब नौ बजे लोढ़ी में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर दलबल के साथ खान अधिकारी आरपी सिंह ट्रकों को रोक कर जांच कर रहे थे।
इस दौरान ओवरलोड गिट्टी लदे तीन ट्रक पकड़े गए। खान अधिकारी से जिस क्रशर प्लांट से गिट्टी लोड हुई थी, उसको सील करने के लिए मातहतों को निर्देश दिया। रात में ही सर्वेक्षक वेद प्रकाश शुक्ला, सर्वेयर संतोष शर्मा और खनिज चौकी प्रभारी शिव शंकर यादव ने बिल्ली-मारकुंडी में स्थित क्रशर प्लांट पर पहुंचे तो वहां तैनात कर्मचारी भाग निकला। वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि रोक के बाद भी ट्रकों पर ओवरलोड गिट्टी लोड करने के आरोप में मेसर्स राज लक्ष्मी स्टोन प्रो. तारकेश्वर को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्रशर मालिक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई जारी है।