म्योरपुर। खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय अमहवा 8.50 बजे तक बंद मिला। कई विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम मिली। बीईओ ने कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा है।
बीईओ सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय अमहवा पहुंचे। वहां 8.50 बजे तक विद्यालय बंद मिला। सहायक अध्यापक नीतीश कुमार पांडे निरीक्षण के समय विद्यालय पर उपस्थित हुए। वहीं प्रधानाध्यापिका ज्योति तिवारी 30 जुलाई से ही बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। विद्यालय में कुल 25 बच्चों में कोई भी छात्र उपस्थित नहीं था। एक अगस्त को भी सिर्फ पांच बच्चे आए थे। बीईओ ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा।
प्राथमिक विद्यालय धनबहवा में प्रधानाध्यापिका सुनीता यादव उपस्थित मिलीं। कुल नामांकन 46 बच्चों की जगह 20 ही उपस्थित थे। हाउस होल्ड सर्वे कर बच्चों का नामांकन बढ़ाने को कहा गया। कंपोजिट विद्यालय बड़हरा में प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार गुप्ता, सहायक अध्यापक संजय यादव आराधना शर्मा, शिक्षामित्र शालिग्राम उपस्थित थे। यहां नामांकित 274 की जगह 132 बच्चे उपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय वियहवा में सहायक अध्यापक विजय कुमार आकस्मिक अवकाश पर रहे। यहीं के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुल नामांकन 80 बच्चों की जगह 48 उपस्थित मिले। उच्च प्राथमिक विद्यालय लोझरा में अनुदेशक अरुण कुमार यादव 29 जुलाई से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे। कुल नामांकन 216 बच्चों की जगह 96 बच्चे उपस्थित पाए गए। बीईओ ने बताया कि लापरवाह अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते बीएसए को पत्र लिखा गया है।