रेनूसागर में दिव्यांग को ट्राई साइकिल प्रदान करते लायंस क्लब के पदाधिकारी
- फोटो : SONBHADRA
अनपरा। रेणुसागर आडिटोरियम में शनिवार की रात लायंस क्लब का 45 चार्टर नाइट समारोह आयोजित किया गया। इसमें विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि मण्डल अध्यक्ष डॉ. क्षितिज कुमार शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात लायंस स्कूल गरबंधा का वार्षिकोत्सव भी मनाया गया । छात्र-छात्राओं ने मनमोहक ईश वंदना तथा नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। लायन ओ पी शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में क्लब के पूर्व मंडल अध्यक्ष मकुंद लाल टंडन, वीरेंद्र गोयल, निधि कुमार, मंडल सचिव मुस्तफा, रीजन चेयर परसन एसडी सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान लायंस क्लब मोरवा, लायंस क्लब सिंगरौली, लायंस क्लब बैढ़न सिटी के सदस्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में लायंस सदस्यों के माता-पिता को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एक दिव्यांग व्यक्ति को व्हील चेयर तथा एक कन्या को सिलाई मशीन देकर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही 25 जरूरतमंदों को राशन भी वितरित किया गया। इस दौरान सक्रिय सदस्यों को मंडलाध्यक्ष ने मेडल देकर सम्मानित किया । अध्यक्ष सीताराम सिंह ने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य जरूरमंदों की मदद करना है। कार्यक्रम के दौरान रोहित देव, समीर आनंद, गायत्री भारद्वाज , विधान बोस, शशि चंद्र, जयकिशन, रीना जैन, लीना आनंद, राम कुमार, नीलम सिंह , रेणू श्रीवास्तव, सुशील मित्तल, अरुण सिंह, दीपा श्रीवास्तव, गोविंद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।