किरबिल में निर्माणाधीन 132 केवी पावर हाउस के लिए रेलवे लाइन के ऊपर से विद्युत तार जोड़ते कर्मचा
- फोटो : संवाद
म्योरपुर। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में रविवार को एक अहम कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से किरबिल में निर्माणाधीन 132 केवी पावर हाउस के लिए रेलवे लाइन के ऊपर से विद्युत तार जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस कार्य के लिए निगम ने रेलवे से दो घंटे का विशेष ब्लॉक लिया था।
रेलवे लाइन के ऊपर से तार जोड़ने का कार्य पिछले कई महीनों से लंबित था। रेलवे ब्लॉक मिलने के बाद विभाग की टीम ने तेजी से काम करते हुए इस बाधा को दूर कर दिया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्य पूरा होने के बाद पावर हाउस के निर्माण और विद्युत आपूर्ति से जुड़े अन्य कार्यों को गति मिलेगी। किरबिल में बन रहा 132 केवी पावर हाउस क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके शुरू होने के बाद म्योरपुर क्षेत्र सहित आसपास के कई विद्युत उपकेंद्रों को बेहतर और स्थिर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली कटौती और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के तहत पिपरी से सोननगर (झारखंड) जाने वाली विद्युत लाइन में भी जल्द ही टैपिंग का कार्य किया जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति प्रणाली और मजबूत होगी। एसडीओ रामअंत दुबे ने बताया कि किरबिल में बन रहे 132 केवी पावर हाउस का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और मार्च के अंत तक इसके चालू होने की संभावना है।