सोनभद्र। चुनावों में मतदाता पहचान पत्र को लेकर लोगों को होने वाली समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने नए प्रयास करने शुरू कर दिए हैं। हालांकि मतदाता सूची में नाम होने पर व्यक्ति कोई भी पहचान पत्र ले जाकर वोट दे सकता है। लेकिन पहली बार वोट देने वाले कई लोगों के मन में इस संशय को दूर करने के लिए अब चुनाव से पूर्व मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद स्पीड पोस्ट के माध्यम से सभी आवेदकों के घरों पर डाकिया के माध्यम से उनके मतदाता पहचान पत्र भेज दिए जाएंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से पिछले कुछ दिनों पूर्व चल रहे पुनरीक्षण अभियान में 33 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत व नाम सुधार कराया था। इन आवेदनों को वीआरसी आपरेटर लगातार भर रहे हैं। इसके साथ ही पांच जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किए जाने के बाद रंगीन मतदाता पहचान पत्र डाक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग से अनुबन्ध पर क्षेत्रवार तहसीलों में स्थापित डाकघरों से मतदाता पहचान पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से बुक कर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।