राबर्ट्सगंज हाइडिल मैदान में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कार्यक्रम का विशाल मंच।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जिले को 513 करोड़ से अधिक के परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 167 करोड़ की 28 परियोजनाओं का लोकार्पण और मेडिकल कॉलेज समेत 345 करोड़ की 50 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मंगलवार की देर शाम तक सभी के शिलापट्ट कार्यक्रम स्थल पर लगा दिए गए। लोकार्पित की जाने वाली परियोजनाओं में घोरावल विधानसभा क्षेत्र की 20 परियोजनाएं हैं। इसमें 50 बेड का आयुष अस्पताल, रिजुल, कुदरी, जोगनी, घरसड़ा, डोहरी, लोहर तलिया, बहुअरा, नरैना, जुड़वरिया में पीएचसी भवन, आईटीआई घोरावल में आईटी लैब, कंडाकोट मंदिर में पर्यटन विकास प्रमुख हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र के 19 कार्यों में राजकीय हाईस्कूल पिंडारी, जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर, नगवां में मल्टी परपज हाल, राजकीय मॉडल डिग्री कॉलेज पौनीकला, मच्छदरनाथ धाम पर पर्यटन विकास के कार्य शामिल हैं। दुद्धी विस क्षेत्र के 11 कार्यों का लोकार्पण होगा। इसमें नवीन राजकीय हाईस्कूल पिपरहर, कुलडोमरी व अनपरा ग्राम समूह पाइप पेयजल के कार्य प्रमुख हैं। इसी तरह शिलान्यास किए जाने वाले कार्यों में सदर के 13, घोरावल के सात, दुद्धी और ओबरा के चार-चार कार्य हैं। सबसे बड़ी परियोजना 245 करोड़ से मेडिकल कॉलेज का निर्माण है। इसके अलावा नगर में 37 करोड़ से नाला निर्माण, पांडु नदी पर पुल निर्माण के कार्य प्रमुख हैं।