सोनभद्र। जिला अस्पताल लोढ़ी में बम रखे जाने की झूठी सूचना देने वाले युवक को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गत सोमवार की देर शाम डायल 112 पर एक कॉलर ने जिला अस्पताल लोढ़ी में बम रखे होने की सूचना दी थी। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाल गोपालजी गुप्ता, लोढ़ी चौकी प्रभारी, फील्ड यूनिट, फायर सर्विस टीम सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे अस्पताल परिसर की गहनता से तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले की तलाश शुरू की। एसपी अशोक कुमार मीणा ने एएसपी अनिल कुमार व सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार को सर्विलांस के जरिए भ्रामक सूचना देने वाले युवक फैज (19) को गिरफ्तार किया गया। वह मधुपुर का निवासी है।
पूछताछ में उसने बताया कि हंसी मजाक में उसने यह सूचना दी थी। पुलिस ने युवक को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल गोपालजी गुप्ता, इंस्पेक्टर क्राइम माधव सिंह, चौकी प्रभारी लोढ़ी संजय सिंह, चौकी प्रभारी सुकृत रविकांत मिश्रा आदि शामिल रहे।