सदर ब्लाक के तकिया ग्राम पंचायत में वोटर लिस्ट मेें नाम न होने से करीब तीन सौ लोग मतदान से वंचित हो गए। इससे नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और बीएलओ पर मतदाता सूची बनाने में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
इस बार पंचायत चुनाव में राबर्ट्सगंज और नगवां ब्लाक में तमाम लोग मतदान से वंचित हो गए। ऐसा कोई गांव नहीं रहा जहां से कुछ लोगों का नाम वोटर लिस्ट से गायब होने की शिकायत न मिली हो। लेकिन सदर ब्लाक के तकिया गांव में स्थिति कुछ अलग ही थी। यहां के करीब तीन सौ ग्रामीण वोट देने के लिए मतदान केंद्र पर मतदाता पहचान पत्र लेकर पहुंचे लेकिन बगैर वोट दिए ही लौट गए। दरअसल इन लोगों का नाम वोटर लिस्ट में शामिल ही नहीं था। इससे नाराज लोगों ने मतदान केंद्र से कुछ दूर पर प्रदर्शन किया। मतदाताओं ने वोटर आईडी लेकर दिखाया और आरोप लगाया कि बीएलओ ने मतदाता सूची बनाने में गड़बड़ी की है, जिस नाते करीब तीन सौ लोगों को मतदान से वंचित होना पड़ा है। ग्रामीणों ने बूथ का निरीक्षण करने आए डीएम से इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।