लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद शासन ने सभी सरकारी कार्यालयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
इसके बावजूद पीडीडीयू नगर पालिका परिषद कार्यालय में आग से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं है। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने बुधवार को पालिका कार्यालय की पड़ताल की।
पूरे कार्यालय परिसर में आग से मुकाबले के लिए सिर्फ दो अग्निशमन यंत्र मिले। भवन में फायर हाइड्रेंट सिस्टम नहीं है। बिजली के तारों का जंजाल दिखा।
नगर पालिका कार्यालय परिसर में अधिशासी अधिकारी (ईओ), चेयरमैन के कार्यालय के अलावा कर(टैक्स), लेखा, निर्माण, जलकल विभाग के अलावा ऑडिट, डूडा और पूर्ति विभाग के कार्यालय हैं।
इन कार्यालयों में 50 से अधिक कर्मचारी कार्य करते हैं। रोजाना 100 से अधिक नागरिक भी कार्यालय विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। पड़ताल के दौरान सामने आया कि भवन परिसर में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
पहला अग्निशमन यंत्र ईआ कार्यालय और लेखा विभाग के बीच में लगा है। वहीं दूसरा अग्निशमन यंत्र प्रथम तल पर टैक्स विभाग के पास लगा है। हालांकि दोनों अग्निशमन यंत्र पर पर्ची नहीं चिपकी है। इससे उसकी स्थिति का पता नहीं चल पाया।
नगर पालिका परिसर में प्रवेश और निकासी के लिए दो गेट है। पहल गेट ईओ कार्यालय के सामने और दूसरा गेट ओवरहेड टैंक की तरफ से जाता है। वहीं नगर पालिका कार्यालय में प्रथम तल को जाने के लिए दो जगह सीढ़ी है।
लोग प्रथम तल जाने लिए सबसे अधिक इस्तेमाल सभासद कक्ष के पास की सीढ़ी का इस्तेमाल करते है। यह सीढ़ी ढाई फीट से भी कम चौड़ी है। आग लगने पर लोग सीढ़ी से भाग भी नहीं पाएंगे।