जिले के सभी थानों पर शनिवार को समाधान दिवस में लोगो की फरियाद सुनी गई। इस दौरान सबसे ज्यादा भूमि विवाद से जुड़े मामले सामने आए। करमा में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और डीआईजी आरपी सिंह ने शिकायतें सुनी और उसके निस्तारण का निर्देश दिया। थानों पर पहुंचने वाली महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए जहां महिला शक्ति की टीमें लगाई गईं। वहीं जमीनी संबंधी प्रकरणों के निबटारे के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को कार्रवाई के निर्देश दिया। कई जगहों पर टीमें भेजकर प्रकरण निस्तारित भी कराए गए। इस दौरान एएसपी अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय की भी मौजूदगी बनी रही।
बीजपुर में एसपी अभिषेक वर्मा ने शिकायतें सुनीं और निस्तारण के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, अवैध कब्जा, रास्ते के विवाद सहित अन्य शिकायतें पहुंची। सभी के समाधान के लिए टीमें लगाई गईं।
राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा शिकायत की प्रगति से फरियादी को समय-समय पर अवगत कराया जाए। इस दौरान महिलाओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर एसपी ने क्षेत्र के समस्याओं की भी जानकारी ली और समाधान का भरोसा दिया। सदर कोतवाली में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने फरियाद सुनी और उसके समाधान का निर्देश दिया।