डाला। हैवी ब्लास्टिंग से जर्जर हो रहे स्थानीय मकानों का खान विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। टीम ने कई घरों में जाकर ब्लास्टिंग के प्रभाव को देखा। लोगों ने बताया कि मकानों में आई दरारों के कारण वह अपने घर में ही खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
डाला, बिल्ली, ओबरा खनन क्षेत्र में हैवी ब्लास्टिंग की धमक व कंपन से आसपास के मकान में दरारें आने की समस्या रहवासी कई बार उठा चुके हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में खान विभाग की एक टीम ने डाला बाड़ी क्षेत्र में छह-सात घरों में जाकर मकानों में आई दरारों का निरीक्षण किया। मौके पर यह भी पाया गया कि खनन क्षेत्र से काफी दूर इन मकानों में दरारें लगातार बढ़ गई है, जिससे आसपास के रहवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। कुछ लोगों ने बताया कि पहले इस प्रकार की हैवी ब्लास्टिंग नहीं होती थी। टेंडर होने के बाद समस्याएं काफी बढ़ रही है। यहां तक कि मुख्यमंत्री क्लस्टर आवास में भी दरारें आ गई हैं। इसे लेकर अब विभाग की टीम बनाकर मकान का निरीक्षण कर प्रशासन को रिपोर्ट करने की बात कहीं गई है। मौके पर खान विभाग से मनोज कुमार, बिल्ली मारकुंडी लेखपाल रोहित सिंह के साथ स्थानीय लोग मौजूद रहे।