राबर्ट्सगंज के आरटीएस क्लब से बुधवार को शिक्षा के अधिकार के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि घोरावल विधायक रमेश चंद्र दूबे और सीडीओ महेंद्र सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आरटीएस क्लब पहुंची।
विधायक रमेश दूबे ने कहा कि हर व्यक्ति अपने और आसपास के बच्चों को स्कूल भेजे। कहा कि दुरूह और नक्सल क्षेत्र में विद्यालय खोल कर वहां शिक्षकों की तैनाती की जा रही है। ताकि सभी जाति और धर्म के बच्चे पढ़ सकें। कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिले में इंजीनियर कालेज खोलने की मंजूरी देकर ऐतिहासिक कार्य किया है। अब बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए गैर प्रांत, जिले में भटकना नहीं पड़ेगा।
सीडीओ महेंद्र सिंह और बेसिक शिक्षाधिकारी नंदलाल सिंह ने कहा कि अभिभावक हरहाल में बच्चोें को स्कूल भेजे। रैली मेें प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, खंड शिक्षाधिकारी उदय चंद्र राय, रामशकल चौबे, एजाज सैलानी, मौलाना हिफाजत हुसैन, शमशेर बहादुर सिंहमौजूद रहे। रैली में कई विद्यालयों के बच्चे और शिक्षक शामिल रहे। संचालन राष्ट्रपति से पुरस्कृत प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश त्रिपाठी ने की।