राबर्ट्सगंज में ठंड से बचने के लिए अलाव तापते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में एक बार फिर से गिरावट दर्ज होने से ठंड पुन: बढ़ गई है। दिन में सर्द हवा चलने से धूप भी बेअसर साबित हो रही है। ठंड बढ़ने से खासकर बच्चों एवं बुजुर्गो की परेशानी बढ़ गई है। वहीं चट्टी चौराहों पर अलाव न जलने से राहगीर एवं रिक्शा चालक परेशान हो रहे हैँ। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक, बृहस्पतिवार को सुबह न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस और शाम को अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मंगलवर की तुलना में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। तापमान में गिरावट के साथ ही एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है। पूरे दिन चली सर्द हवाओं से से लोगों को गलन से राहत नहीं मिली। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। शाम ढलने के साथ ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में सन्नाटा हो गया। बाजार में भी आवाजाही कम रही। नगर के चट्टी चौराहों पर पर्याप्त अलाव न जलने से लोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ रही है।