आसनडीह। विकासखंड के असनहर गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास लमलमी डांड़ में आरओ प्लांट न लगाए जाने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। ब्लाक के अफसरों-कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि जेई, सेक्रेट्री, एडीओ पंचायत सहित अन्य अधिकारियों ने गांव में आकर जांच कर सहमति दी थी। पैमाईश भी करके ले गए। बाद में ग्रामीणों को गुमराह कर बस्ती से पांच सौ मीटर दूर जहां केवल दो घर हैं, वहां बोरिंग करा दी गई। जब इसका कारण पूछा गया तो बताया गया कि बरसात के कारण गाड़ी वहां तक नहीं पहुंच पाएगी। आक्रोशित लोगों का कहना था कि ग्राम प्रधान और अफसरों की मिलीभगत से ऐसा हुआ है। ग्रामीणों ने डीएम से आदिवासी बस्ती में आरओ प्लांट लगवाने की मांग की है। इस संबंध में एडीओ पंचायत रामदर्शन का कहना था कि मामले की जानकारी नहीं है। प्रदर्शन करने वालों में देवराज सिंह, राजाराम, लल्लन सिंह, पवन सिंह, विनोद कुमार, संतोष कुमार, बुद्धिराम, मानसिंह, संतराम, अर्जुन, राजकुमारी, सरिता, मीना देवी आदि शामिल रहे।