शक्तिनगर। पड़ोसी राज्य मप्र के चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम चिकनी निवासी एक 22 वर्षीय महिला ने बुधवार की सुबह नौ बजे घर के अंदर कच्चे मकान के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक ग्राम चिकनी निवासी उर्मिला विश्वकर्मा (22) पत्नी राजभान विश्वकर्मा बुधवार की सुबह नौ बजे घर के अंदर फांसी के फंदे पर झूल गयी। पुलिस के अनुसार मृतका की मॉ अपने पुत्री के घर घूमने आयी थी। साथ ही उर्मिला को ले जाना चाह रही थी। मृतका का पति कहीं दूसरे प्रांत में काम करने गया हुआ था। उसका ससुर पति से अनुमति लेने की बात करते हुए नहाने चला गया और जैसे ही लौटा की उर्मिला फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक डीएन राज ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।