ईद के अवसर पर राबर्ट्सगंज में कपड़ों की खरीदारी करतीं मुस्लिम महिलाएं। अमर उजाला
जिले में ईद गुरुवार को मनाई जाएगी। बुधवार देर रात तक बाजारों में पर्व की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी रही। क्षेत्र के सभी बाजार गुलजार रहे। वहीं नमाज को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। बारिश हुई तो ईदगाहों की जगह मस्जिदों में नमाज अदा कराई जाएगी।
कई जगहों पर अभी भी ईदगाहों पर पानी जमा हुआ है। मंगलवार को चांद न दिखने पर गुरुवार को ईद मनाने का एलान पूर्व में ही हो चुका है। अलविदा की नमाज के बाद से ही ईद की तैयारियों को लेकर खरीददारी की जाने लगी थी। बुधवार की रात कपड़ों से लेकर अन्य सामानों की दूकानों पर खरीददार दिखे। सुबह बारिश ने एक बारगी लोगों को चिंता बढ़ा दी थी लेकिन दोपहर बाद से निकली हल्की धूप से लोगों के चेहरे खिल गए।
उधर अंजुमन इस्लामियां कमेटी के सदर मुश्ताक अहमद खां ने बताया कि यदि बारिश होती रही तो ईद की नमाज जामा मस्जिद में पढ़ाई जाएगी। मस्जिद में ज्यादा लोगों की जगह न होने के नाते आधा-आधा घंटा के अंतराल पर जरूरत के अनुसार दो या तीन बार नमाज होगी।
सीओ सिटी सच्चिदानंद ने बताया कि ईदगाह पर नमाज के दौरान सुबह पौने नौ बजे से दस बजे तक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग चुर्क मोड़ से ममुआ गांव तक यातायात ठप रहेगा।वहीं नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। इसके लिए पूर्व में डीएम सीबी सिंह ने मजिस्ट्रेटों की क्षेत्रवार तैनाती कर दी है। एसपी ने भी क्षेत्रवार क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को जिम्मेदारी तो सौंपी ही है, साथ ही राबर्ट्र्सगंज, दुद्धी और घोरावल में पीएसी तैनात की जाएगी।