घोरावल -रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर जाम लगाए लोगों को समझाती पुलिस।संवाद
सोनभद्र/घोरावल। करमा के जोगिनी गांव में ट्रांसफॉर्मर में लाइन जोड़ते समय बिजली आपूर्ति होने से जिंदा जले लाइनमैन का शव लेकर ग्रामीण शनिवार को धरने पर बैठ गए। सुबह पौने 10 बजे खरुआंव गांव के पास शव रखकर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर जाम लगा दिया। वह घटना के लिए जिम्मेदार अफसरों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने समझाकर जाम हटवाया। करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम से मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। उधर, इस मामले में शनिवार को रॉबर्ट्सगंज डिविजन के एक्सईएन और घोरावल के एसडीओ को भी निलंबित कर दिया। जेई समेत तीन कर्मियों पर एक दिन पहले ही कार्रवाई की गई थी।
बिसहार गांव निवासी संतोष (46) घोरावल उपखंड क्षेत्र के बिसरेखी फिडर पर संविदा लाइनमैन था। बृहस्पतिवार को शाम सात बजे वह शट डाउन लेकर लोढ़ौता गांव में पोल पर चढ़ कर काम कर रहा था। उसने विभाग से शटडाउन करवाया था। इस दौरान 11 हजार वोल्ट की सप्लाई चालू कर दी गई। संतोष खंभे पर ही जल गया। बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में बृहस्पतिवार देर रात उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार की रात शव घर पहुंचा। शनिवार की सुबह परिवारीजन और ग्रामीण पिकअप में शव लेकर खरुआंव ब्लॉक कार्यालय के पास पहुंचे। शव रखे पिकअप को बीच सड़क खड़ाकर ग्रामीण धरने पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 25 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रवीण सिंह और सीओ सदर राज सोनकर ने आक्रोशित लोगों से वार्ता की। उन्हें समझा बुझा कर जाम हटवाया और मौके पर ही 25 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नियमानुसार उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। इस मौके पर करमा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, घोरावल चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय, उभ्भा चौकी प्रभारी आशुतोष राय, बिजली विभाग के जेई राजेंद्र बिंद आदि मौजूद रहे।
अबतक पांच पर हुई कार्रवाई
लाइनमैन की हाईवोल्टेज करंट से जलकर मौत के मामले में बिजली निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। एक दिन पहले बिसरेखी उपकेंद्र के जेई शैलेश कुमार प्रजापति को निलंबित किया गया था। सब स्टेशन ऑपरेटर अश्वनी कुमार और लाइनमैन राजेश कुमार की संविदा समाप्त करते हुए बर्खास्त कर दिया गया था। शनिवार को इस मामले में घोरावल एसडीओ कृष्णनंदन और रॉबर्ट्सगंज डिविजन के एक्सईएन इं.एसबी ठाकुर को भी निलंबित कर दिया गया। अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही स्पष्ट होने के बाद जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की गई है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। निलंबित अफसरों की जगह शीघ्र नई तैनाती की जाएगी।
पूर्व विधायक ने लाइनमैन की बेटी की शादी कराने का किया वादा
घोरावल। मिर्जापुर में गंगा नदी किनारे शनिवार की शाम लाइनमैन संतोष का अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार देर रात घर पर जब शव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व विधायक सपा नेता रमेश दुबे बिसहार पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। संतोष की पत्नी, बेटियों और बेटों का रुदन सुनकर लोग भावुक हो गए। संतोष की बेटी पापा हमार हमने के छोड़ी के चला गएन... कह कर बिलखते हुए उनसे लिपट गई। पूर्व विधायक रमेश दुबे ने परिजनों को आश्वासन दिया कि संतोष की बेटी की शादी वह खुद कराएंगे। कहा कि संतोष के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत दयनीय है। शासन की जिम्मेदारी है कि वह संतोष के परिवार को पर्याप्त सहायता और सरकारी नौकरी दे। उधर शनिवार दोपहर बाद परिजनों ने संतोष की अर्थी को विदाई दी।
बिजली निगम के मुख्य अभियंता लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि विभाग की मानवीय संवेदनाएं मृतक के परिजनों के साथ है। आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए निगम की ओर से तय प्रारूप पर आवेदन पावर कारपोरेशन को भेज दिया गया है। स्वीकृति होने के बाद मृतक के परिवार को दस लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार नौकरी देने का भी प्रयास है।