बीजपुर। थानांतर्गत बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर अंजानी गांव के पास मंगलवार की रात तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। देर रात काम पूरा कर घर लौटते समय यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने रात में ही शव को सड़क से हटवाकर कब्जे ले लिया। हादसे का कारण सड़क पर पेड़ गिरना बताया जा रहा है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
धरतीडांड़ निवासी अखिलेश द्विवेदी (26) एनटीपीसी परियोजना में संविदाकार के माध्यम से श्रमिक का कार्य करता था। मंगलवार की रात काम खत्म होने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। अंजानी गांव के पास अचानक विशाल पेड़ सामने गिर गया। इससे बचने की कोशिश में बाइक सवार अनियंत्रित होकर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हाइवा की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शव कब्जे में लेकर परियोजना अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे खोदाई की गई है। जेसीबी से खोदाई के दौरान पेड़ का ज्यादातर हिस्सा कट गया। इस कारण नीचे से कमजोर हुआ पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है। बीजपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।