सोनभद्र। जिले में साइबर अपराध की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। डॉक्टर को दिखाने के नाम पर जालसाज ने एक व्यक्ति के खाते से करीब एक लाख 21 हजार रुपये उड़ा दिए। इस मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि राबर्ट्सगंज के विकासनगर निवासी वादी आशीष कुमार ने तहरीर मेें लिखा है कि आठ अक्तूबर को वह वाराणसी गए थे। रास्ते में उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एक अस्पताल का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपको प्रिमल सर को दिखाना है तो आपको फाइल बनाना होगा। फाइल बनाने में पांच रुपये लगेगा। वादी का कहना है उनकी पत्नी हार्ट की मरीज है, उन्हें डॉक्टर को दिखाने जाने था। फोन करने वाले एक व्हाटसएप नंबर दिया। इसके बाद उसने एक लिंक भेजा। कुछ ही देर बाद उनके खाते से 121960 रुपये कट गया। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जिस नंबर से फोन आया था उसके खिलाफ संबंधित धारा में केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।