दुद्घी क्षेत्र के कोरगी बालू साइड की जांच करते एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
दुद्धी। क्षेत्रीय विधायक हरीराम चेरो की अवैध खनन की शिकायत पर जांच के लिए जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने पांच सदस्यों की टीम गठित कर दी है। बुधवार को एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह के अगुवाई में टीम नगवां और कोरगी बालू साइट पर पहुंची। क्षेत्रीय लेखपालों के जरिए खनन के सीमांकन की मापी कराई गई। एडीएम ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई है। रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी। दुद्धी के विधायक हरीराम चेरो ने डीएम और शासन से शिकायत किया कि नगवां और कोरगी बालू साइट पर अवैध खनन किया जा रहा है। इसकी जांच प्रशासन ने कराया था लेकिन विधायक ने जांच पर आपत्ति जता दिया और फिर जांच के लिए मुख्यमंत्री समेत अन्य को पत्र लिखा था। शासन से मिले निर्देश के बाद डीएम ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह के अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम गठित कर दिया। इसमें एडीएम के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, एसडीएम दुद्धी सुशील कुमार यादव, खनन अधिकारी मोहम्मद महबूब और प्रभागीय वन क्षेत्र रेणुकूट के एसडीएम कुंजमोहन शर्मा को शामिल किया गया। बुधवार को दोपहर में अधिकारियों की टीम कोरची और नगवां बालू साइट पर पहुंची। यहां इन दोनों गांवों के लेखपालों के अलावा आसपास के लेखपालों को तलब कर दोनों खनन साइटों के सीमांकन की नापी एडीएम ने कराई। इस दौरान बालू उठान रकबे का सीमांकन, नदी में की गयी खनन की गहराई की नाप जोख व कोविड 19 के निर्देशों का पालन बालू साइट पर कितना हो रहा है आदि बिंदुओं पर जांच हुई। एडीएम योगेंद्र बहादुर ने बताया कि जांच रिपोर्ट डीएम को जल्द ही सौंपी जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो, रेंजर विंढमगंज वीके श्रीवास्तव, दुद्धी रेंजर दिवाकर दुबे, दुद्धी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।