उरमौरा स्थित डायट परिसर में काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थियों की लगी भीड़।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। शासन ने प्रदेश भर में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया रोक दिया है। उच्च न्यायालय से रोक के आदेश के बाद यह कदम उठाया गया है। जिले के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पर काउंसिलिंग कराने आए अभ्यर्थियों को इससे मायूसी हाथ लगी है। 444 अभ्यर्थियों में 203 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हो गई थी और अन्य की होनी थी। अब चिंता सताने लगी है कि अब न जाने कब कोर्ट से मामला निस्तारित होगा और फिर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि बेसिक शिक्षा निदेशालय के निर्देश के बाद काउंसिलिंग रोक दी गई है। बेसिक शिक्षा परिषद में शिक्षकों की भारी कमी है। इससे पठन-पाठन के साथ ही अन्य विभागीय कार्य प्रभावित होता है। सरकार ने 69 हजार शिक्षकों के भर्ती की प्रक्रिया शुरू की। काफी इंतजार के बाद उसका परिणाम घोषित हुआ और फिर उसकी काउंसिलिंग भी जिला स्तर पर शुरू करा दी गई। इसके लिए सोनभद्र में 444 शिक्षकों की सीट आवंटित की गई थी। बुधवार को हाईकोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया पर स्थगन आदेश दे दिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि हाईकोर्ट से स्टे के बाद बेसिक शिक्षा निदेशालय ने काउंसिलिंग प्रक्रिया रोकने का निर्देश दिया। इस पर काउंसिलिंग रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि 444 पदों के सापेक्ष 203 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हो गई थी। यह पूछने पर कि क्या दोबारा काउंसिंलिंग का आदेश होने पर उन अभ्यर्थियों की फिर से काउंसिलंग होगी इस पर उन्होंने कहा कि निदेशालय से गाइडलाइन मिलने के अनुसार कार्य किया जाएगा।