बारह सूत्री मांगों को लेकर सिंगरौली में नर्सों की बेमियादी हड़ताल तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रही। इस हड़ताल का असर सीधे मरीजों पर पड़ रहा है। ट्रामा सेंटर जिला चिकित्सालय के मरीज परेशान होकर लौट रहे हैं।
नर्सेस एसोसिएशन के हड़ताल में आज तीसरे दिन 70 से ज्यादा स्टाफ नर्सेस शामिल हुईं। सरई सीएचसी में समस्त स्टाफ नर्सों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर के साथ सीएचसी, पीएचसी व सब सेंटर की स्टाफ नर्सों के बेमियादी हड़ताल से मरीजों की फजीहत शुरू हो गई है। जिला चिकित्सालय ट्रामा सेंटर में आउटसोर्स से स्टाफ नर्सों का सहारा लिया जा रहा है लेकिन आरोप है कि इनके द्वारा मरीजों की समुचित देखभाल नहीं की जा रही है। वहीं अस्पताल में चिकित्सक भी इक्का-दुक्का नजर आ रहे हैं। चर्चा है कि अपरोक्ष रूप से स्टाफ नर्सों के 12 सूत्री मांगों का चिकित्सक भी समर्थन कर रहे हैं। इस संबंध में जिलाध्यक्ष दुर्गा पाठक का कहना है कि प्रमुख सचिव स्वास्थ्य विभाग की ओर से एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष के साथ तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया गया है। वार्ता में सकारात्मक जवाब दिखा तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देश अनुसार आगे कदम उठाया जाएगा।