रेणुकूट मेें जाम के कारण बस यात्री पैदल गंतव्य तक जाते लोग। संवाद
रेणुकूट। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर पिपरी से अनपरा के बीच तीन दिन तक जाम का सिलसिला जारी रहा। शनिवार से सोमवार दोपहर तक करीब 40 घंटे वाहन रेंगते रहे। इससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई, मजदूरों की दिहाड़ी और कारोबार प्रभावित हुआ। जाम में एंबुलेंस तक फंसने से आपातकालीन सेवाओं पर भी सवाल खड़े हो गए। लगन शुरू होने के साथ ही पहले दिन जाम की स्थिति ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें आशंका है कि शादी-विवाह के दिनों में यातायात का दबाव बढ़ने पर हालात और बिगड़ सकते हैं।
रीवा-रांची मुख्य मार्ग पर हाथीनाला से अनपरा तक पहाड़ी, घुमावदार और संकरी सड़क पर जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बाद भारी और ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण से कुछ राहत मिली थी, लेकिन निगरानी में ढिलाई के बाद समस्या फिर गहरा गई। 21 नवंबर से मांगलिक कार्यक्रम शुरू होने के साथ राजमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ा तो जाम लगने लगा। इसी बीच बारिश के दौरान कई ओवरलोड वाहन खराब हो गए। संकरे मार्ग पर वाहनों के फंसने से लंबी कतार लग गई। शनिवार सुबह कुछ घंटे बाद जाम खुला, लेकिन शाम को फिर वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद रुक-रुककर जाम का सिलसिला सोमवार दोपहर तक जारी रहा। सोमवार सुबह स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बसें नहीं पहुंचने से कई बच्चे पैदल ही लंबी दूरी तय कर स्कूल गए। रेणुकूट की औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले मजदूर भी समय से अपनी शिफ्ट पर नहीं पहुंच पाए।