सोनभद्र। जिले में अंतिम चरण में 29 अप्रैल को होने वाले मतदान की तैयारी तेज कर दी गई है। प्रत्याशी जहां प्रचार-प्रसार में जुटे हैं वहीं निर्वाचन कार्यालय और जिला प्रशासन निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। चोपन ब्लाक के पनारी ग्राम पंचायता में सर्वाधिक 42 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में यहां चुनाव कराने के लिए अलग से मतपत्र मंगाया गया है। इसके साथ ही कुल लगभग चार लाख मतपत्र कम पड़े हैं, जिन्हें दिल्ली से मंगाया गया है।
17 व 18 अप्रैल को नामांकन हुआ। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव चिन्ह के साथ गांवों में पहुंचकर प्रचार-प्रसार करने लगे हैं। हर प्रत्याशी अपनी जीत के लिए पूरा दम लगा दिया है। आलम यह है कि जैसे-जैसे चुनावी तिथि नजदीक आ रही है वैसे-वैसे प्रत्याशी चुनाव प्रचार तेज करते जा रहे है। अब महज पांच दिन शेष बचे हैं। इतने में ही सभी तैयारी पूर्ण कर ली जानी है।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक प्रत्याशी पनारी ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए हैं। बड़ी ग्राम पंचायतों में शामिल इस ग्राम पंचायत में कुल 30 हजार की आबादी है, जिसमें से 16500 के करीब मतदाता हैं। 42 लोग चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में निर्वाचन विभाग 20 हजार मतपत्र मंगवाया है। सभी मतपत्र 45 चुनाव चिन्ह वाले होंगे।
दिल्ली से आएंगे मतपत्र
जिले में 629 ग्राम पंचायतों में होने वाले प्रधान पद के चुनाव, 781 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 7767 ग्राम पंचायत सदस्य और 31 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव हो रहा है। इसके लिए ज्यादातर मतपत्र तो पहले ही आ चुका है, लेकिन जो कम पड़ा है उसे दिल्ली से मंगाया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि पनारी ग्राम पंचायत के लिए 45 चिन्ह वाले 20 हजार मतपत्र मंगाए गए हैं। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य के लिए 27 व 36 मतपत्र वाले करीब साढ़े तीन लाख मतपत्र मंगाए गए हैं।
23 हजार से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में
इस बार के पंचायत चुनाव में 23 हजार 833 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार 629 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 6481 प्रत्याशी और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 781 पदों के लिए 5067 प्रत्याशी मैदान में हैं। 7767 ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 11 हजार 563 उम्मीदवार हैं तो वहीं जिला पंचायत सदस्य के 31 सीटों के लिए 722 उम्मीदवार हैं।