अनपरा/शक्तिनगर। परियोजना क्षेत्र के स्कूलों में शुक्रवार को महान गणितज्ञ रामानुजन की जयंती धूमधाम से मनाई गई। गणित में उनके योगदान पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को उनसे सीखने की प्रेरणा दी गई।
एनसीएल ककरी काॅलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में वरिष्ठ शिक्षक आदेश कुमार चित्रांशी ने श्रीनिवास रामानुजम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। नौवीं एवं दसवीं कक्षा के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गई। प्राचार्या पुष्पांजलि साहू ने विद्यार्थियों को रामानुजन के व्यक्तित्व और कृतित्व से परिचित कराया। शिक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव, गिरीश कुमार मिश्रा, शिक्षिका कांति सिंह, अनीता सिंह ने विशेष सहयोग दिया। अनपरा परियोजना परिसर स्थित डॉ. अंबेडकर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में हुए कार्यक्रम के मुख्य वक्ता यादवेंद्र पाठक ने कहा कि रामानुजन के अविष्कार रामानुजन अभाज्य, रामानुजन योग प्रमेय और शोल्डर स्थिरांक गणित के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के उदाहरण हैं। गणित में विशेष रुचि होने के कारण इन्हें अंकों का जादूगर कहा जाता है। तहसीलदार सिंह ने कहा कि 3542 प्रमेय सिद्ध करने वाले और शून्य को ब्रह्मांड बताने वाले रामानुजन की परिश्रमशीलता, कार्य के प्रति समर्पण भाव से प्रेरणा लेकर हम जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। इस अवसर पर अशोक कुमार सिंह, आकांक्षा पांडेय सहित विद्यालय के सभी आचार्य उपस्थित रहे। शक्तिनगर में खड़िया स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गणित मेला आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि जीआईसी शक्तिनगर की प्रधानाचार्य शालिनी सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. नृपेंद्र सागर रहे। डॉ. वी सागर एवं भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता विनय सिंह ने गणित को खेल-खेल में सीखने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। इस दौरान विनय सिंह, शिवकुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।