सोनभद्र। सरकार युवाओं को उद्यमी बनाना चाहती है, मगर बैंक लोन देने को तैयार नहीं हैं। 65 फीसदी आवेदन इस दलील के साथ खारिज कर दिए गए कि आवेदकों की उद्यम लगाने में रुचि ही नहीं है।
इससे आवेदकों के साथ अफसरों की भी चिंता बढ़ी हुई है। अधिकारी समझ नहीं पा रहे कि भागदौड़ कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवा अचानक उद्यम लगाने से मुंह क्यों मोड़ रहे हैं।
हर युवा को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत उद्यम-सेवा स्थापना के लिए पांच लाख रुपये का ब्याज मुक्त और बिना गारंटी ऋण उपलब्ध करा रही है। उद्योग विभाग के माध्यम से हुनरमंद युवाओं से आवेदन कराए जा रहे हैं।
ब्लॉक और गांव स्तर पर कैंप लगाकर युवाओं को इस योजना की खूबियां बताते हुए जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पात्रता को पूरा करने वाले युवा जब ऑनलाइन आवेदन करते हुए बैंकों में पहुंच रहे हैं तो ऋण स्वीकृत कराने में काफी फजीहत हो रही है।
कहीं कागजातों की कमी तो कहीं प्रोजेक्ट रिपोर्ट में तकनीकी खामियां बताते हुए आवेदन को निरस्त कर दिया जा रहा है। इस सत्र में सितंबर तक करीब 1400 आवेदन खारिज किए गए हैं। निरस्त आवेदनों में 40 फीसदी से ज्यादा के पीछे वजह आवेदक की उद्यम स्थापना में रुचि न होना बताया गया है।