नमो घाट पर सुरक्षा गार्डों की पिटाई से जान गंवाने वाले युवक राजेश के परिजनों से मिलने प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नमो घाट पर सुरक्षा गार्डों की पिटाई से जान गंवाने वाले पड़री गांव निवासी राजेश जायसवाल के घर शोक संवेदना जताने सोमवार को जिले के प्रभारी रवींद्र जायसवाल पहुंचे। पीड़ित परिजनों से मिलकर घटना पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इस दौरान उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वह स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने और शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां आए हैं।
उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच पुलिस गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कर रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन
इस मौके पर डीएम चर्चित गौड़, एसपी अभिषेक वर्मा ने प्रभारी मंत्री को प्रकरण से संबंधित अद्यतन जानकारी से अवगत कराया। परिजनों को प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई।