भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी गुरुवार को शहादत दिवस पर याद किए गए। इस अवसर पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में मरीजों में फल बांटे और गोष्ठी कर राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की। उधर युवक कांग्रेस, सूचना का अधिकार संगठन ने भी बैठक कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
राबर्ट्सगंज में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अरूण कुमार सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों में फल वितरित किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. बलराम सिंह, डा. एबी प्रसाद भी मौजूद रहे। सिंचाई विभाग के डाक बंगले में आयोजित गोष्ठी में अरूण सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने दूरसंचार क्रांति, कंप्यूटर शिक्षा, लोक अदालत, कृषि एवं देश के सर्वांगीण विकास की आधारशिला रखी। देश के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर बढ़ाया।
उनके आदर्शों पर चलकर देश की सेवा ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिला महासचिव अनिल कुमार सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद मताधिकार की उम्र 18 वर्ष किया। गरीब छात्रों को नि:शुल्क शिक्षा के लिए प्रत्येक जिले में नवोदय विद्यालयों की स्थापना कराई।
सत्ता के विकेंद्रीकरण के लिए पंचायती राज लागू किया। इस दौरान सुशील पाठक, अमरेश देव पांडेय, अवध नारायण गिरि, विजेंद्र मौर्य, अख्तर अली शाह, सोनी गुप्ता, सहादुर मौर्य, सुरेश शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, राजेंद्र भारती, रमाशंकर तिवारी, मोहम्मद हाफिज आदि रहे। उधर युवक कांग्रेस ने चतुर्वेदी धर्मशाला में बैठक कर राजीव गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस दौरान आशुतोष कुमार दूबे, संजय कुमार, अविनाश, साजिद खां, दीपक कुमार, जितेंद्र सिंह, अजय मौर्य आदि रहे।
उधर कांग्रेस सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ की बैठक जिला चेयरमैन मदन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सिविल लाइंस रोड स्थित कार्यालय पर हुई। इसमें राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई। इस दौरान अरविंद सिंह, रामानंद पांडेय, कन्हैया पांडेय, उषा चौबे, राजगृही शर्मा, दीपू, वृहस्पति, धर्मशंकर, गंगाधर आदि रहे। घोरावल संवाददाता के अनुसार ब्लाक कांग्रेस कार्यालय पर गुरुवार को देश के पूर्व प्रधान मंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान वक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव अरुण सिंह ने कहा कि भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की अपने प्रधानमंत्रित्व काल में उपलब्धियां आज भी प्रासंगिक, स्मरणीय और अनुकरणीय हैं। अध्यक्षता कौशल किशोर मिश्र और संचालन विजय शंकर श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर सहबाज अली, सौदागर अली, कुमुद त्रिपाठी, कमलावती आदि रहीं।