विंढमगंज। विंढमगंज रेंज स्थित ग्राम पंचायत डुमरा के सहीमनवा पहाड़ी पर सार्वजनिक मंदिर निर्माण को वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को रोक दिया। इससे लोगों में असंतोष है। मंदिर की पुजारिन शारदा देवी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों से पहाड़ी पर वन देवी की पूजा पाठ अनवरत कर रही हूं और यहां भक्तों का तांता लगा रहता है। पिछले पांच वर्षों से यहां शिव मंदिर की स्थापना की गई है। भक्तों के आस्था व सहयोग से मंदिर की दीवार व पिलर पहले ही खड़ा हो चुका है। सुबह डोर लेबल पर ढलाई के लिए लगाए गए शटरिंग को वन कर्मियों ने खोल कर हटा दिया और काम रुकवा दिया। इस बाबत वन विभाग के रेंजर बृजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा अवैध रूप से करहिया वन ब्लॉक के भू-भाग पर मंदिर का निर्माण किया जा रहा था। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर निर्माणाधीन मंदिर को गिरवा दिया गया है। वन विभाग की जमीन पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।