परीक्षा को लेकर मेधावियों में रहा उत्साह
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को राबर्ट्सगंज के संत कीनाराम महिला पीजी कालेज में हुई। सोनभद्र के अलावा आजमगढ़ और वाराणसी में भी छात्रवत्ति के लिए हजारों विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। राबर्ट्सगंज में डीएम सीबी सिंह, एसपी लल्लन सिंह, डीआईओएस प्रभुराम चौहान ने परीक्षा का जायजा लिया और अमर उजाला के इस तरह के आयोजन को बेहतर पहल बताया।
कक्षा 9, 10,11 एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा में सहयोग देने और उनके सुखद भविष्य की कामना के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर साल अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन होता है। इसमें कक्षा नौ से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चे परीक्षा देते हैं। इसी के तहत रविवार को संत कीनाराम महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रवृत्ति परीक्षा हुई।
परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए कालेज के निदेशक डा. गोपाल सिंह और प्राचार्य डा. सुषमा सिंह ने दस कक्ष बनाए थे। परीक्षा सुबह 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक हुई। एक कक्ष में 40 परीक्षार्थियों के बैठने के इंतजाम किये गए थे। इस तरह नौ कक्ष में कुल 360 परीक्षार्थी और एक कक्ष में 26 परीक्षार्थियों के बैठने के इंतजाम थे। 386 परीक्षार्थियों में से 275 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
डीएम सीबी सिंह, एसपी लल्लन सिंह, डीआईओएस प्रभुराम चौहान ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर एक-एक कक्ष का जायजा लिया। केंद्र का निरीक्षण करने के बाद डीएम ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से छात्रवृत्ति परीक्षा कराकर गरीब छात्र-छात्राओं के हित में जो कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। इस तरह की सार्थक पहल से बच्चों को गरीबी के चलते उच्च शिक्षा से वंचित नहीं होना पड़ेगा और मेधावी बच्चों की पहचान भी हो सकेगी।