अनपरा। प्रदेश में तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग बढ़ गई है। इस मांग को पूरा करने के लिए निगम सहित निजी क्षेत्रों की इकाइयां पूर्ण क्षमता से संचालित की जा रही हैं। इस बीच तकनीकी खामियों के कारण अनपरा की सातवीं इकाई कुछ देर के लिए बंद रही।
मंगलवार को प्रदेश में बिजली की मांग 31 हजार मेगावाट के पार चली गई थी। तब से लगातार इसी के आसपास बनी हुई है। बिजली की मांग को पूरा करने के लिए सभी इकाइयां पूर्ण क्षमता से संचालित की जा रही हैं। अनपरा तापीय परियोजना की 500 मेगावाट की पांचवीं इकाई से 503 मेगावाट और छठवीं से 504 मेगावाट का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ। इस बीच शुक्रवार की सुबह 9 बजे अनपरा की 500 मेगावाट की सातवीं इकाई तकनीकी कारणों से बंद हुई। टीम ने दोपहर में ही तकनीकी खामियों को दूर कर इकाई से उत्पादन शुरू करा दिया। मंगलवार से बंद चल रही एमईआईएल समूह की अनपरा एनर्जी लिमिटेड 600 मेगावाट की पहली इकाई भी देर रात उत्पादन शुरू होने की संभावना प्रबंधन जता रहा है। बृहस्पतिवार की देर रात पीकऑवर में बिजली की अधिकतम मांग 31415 मेगावाट और न्यूनतम मांग 22917 मेगावाट दर्ज की गई।