प्रदेश में बिजली की मांग में उतार-चढ़ाव जारी है। पीक आवर में ईकाइयां पूर्ण क्षमता से संचालित हो रहीं हैं। दिन में बिजली की मांग आधी होने के कारण ईकाइयों से थर्मल बैकिंग कराई जा रही है। बारिश और धूप के कारण मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। पिछले सप्ताह से बिजली की अधिकतम मांग 29 हजार मेगावाट के आसपास चल रही है। रविवार को पीक आवर में बिजली की मांग को पूरा करने के लिए ईकाइयों को पूर्ण क्षमता से संचालित किया गया। प्रदेश को सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाली अनपरा तापीय परियोजना की 500 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना की पांचवीं इकाई से 505 मेगावाट और छठवीं इकाई से 501 मेगावाट एवं एमईआईएल समूह की अनपरा एनर्जी लिमिटेड की 600 मेगावाट की दूसरी इकाई से 600 मेगावाट का रिकार्ड उत्पादन हुआ। रविवार को दिन में बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट हो गई। मांग कम होने के कारण निगम सहित निजी क्षेत्रों की ईकाइयों से थर्मल बैकिंग कराई गई। उत्पादन निगम की 2630 मेगावाट की अनपरा तापीय परियोजना से 1214 मेगावाट और निजी क्षेत्र की एमईआईएल समूह की 1200 मेगावाट की अनपरा एनर्जी लिमिटेड से 573 मेगावाट की थर्मल बैकिंग कराई गई।