तपती गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की खपत में लगातार इजाफा जारी है। बुधवार को पीकऑवर में बिजली की मांग 49.6 करोड़ यूनिट यानी 25 हजार मेगावाट के पार चली गई। इस बीच अनपरा तापीय परियोजना की इकाइयां क्षमता से भी अधिक उत्पादन कर रही हैं।
प्रदेश में कई जिलों का तापमान 42 डिग्री के पार चल रहा है। इस कारण बिजली की खपत में लगातार वृद्धि जारी है। 24 घंटे पहले पीकऑवर में बिजली की मांग 24467 मेगावाट पर थी, जो बुधवार को 1247 मेगावाट बढ़कर 25714 मेगावाट पर पहुंच गई।
बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए प्रदेश को सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाली अनपरा तापीय परियोजना की इकाइयां क्षमता से भी अधिक उत्पादन कर रही हैं।
बुधवार को पीकऑवर में अनपरा की 210 मेगावाट की पहली इकाई ने 210 मेगावाट, 500 मेगावाट की पांचवीं ईकाई से 499 मेगावाट, छठवीं इकाई से 495 मेगावाट एवं निजी क्षेत्र की एमईआईएल समूह की अनपरा एनर्जी लिमिटेड की 600 मेगावाट की पहली इकाई से 595 मेगावाट और दूसरी इकाई से 600 मेगावाट का रिकार्ड उत्पादन किया।