बिल्ली जंक्शन और होम सिग्नल के बीच रेलवे पुल के नीचे बृहस्पतिवार की देर शाम बोरे में बंद एक युवक का शव मिला। जीआरपी और पुलिस के बीच सीमा विवाद के चलते 16 घंटे तक कोई शव उठाने नहीं पहुंचा। शुक्रवार को दोपहर बाद डाला पुलिस ने बोरा खोला तो अंदर युवक का शव था। उसके दोनों हाथ-पैर बंधे हुए थे। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। आशंका जताई जा रही है कि कहीं अन्यत्र हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
बिल्ली रेलवे स्टेशन जंक्शन के पोल संख्या 134-135 के बीच रेलवे पुल के नीचे बंद बोरी में दुर्गंध उठने की सूचना बृहस्पतिवार की शाम बकरी चरा रही एक महिला ने रेलवे स्टेशन पर दी थी। स्टेशन मास्टर ने मेमो के जरिये जीआरपी को सूचना दी। मेमो मिलने के बाद सीमा क्षेत्र के बाहर की बात कह जीआरपी शव उठाने नहीं पहुंची। पुलिस भी मौके पर नहीं आई। रेलवे के अधिकारियों ने शुक्रवार की सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद घटनास्थल पुलिस के दायरे में बताते हुए चोपन पुलिस को मेमो भेजा गया।
मौके पर चोपन थाना और डाला चौकी पुलिस पहुंची। बोरी को खोल कर देखा तो उसमें एक युवक का शव भरा हुआ था। उनके पैर मोड़ कर गर्दन को सीने में सटाकर बांधकर बोरे में भरा गया था। युवक की उम्र करीब 40-42 वर्ष बताई जा रही है। शव पुराना होने के कारण उसमें कीड़े लग गए थे। तेज दुर्गंध उठ रहा था। चोपन थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि जीआरपी के माध्यम से शुक्रवार को सुबह 11 बजे सूचना मिली थी। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।